क्या गूगल मैप को भ्रमित किया जा सकता है ?

0
461

गूगल की अन्य सेवाओं और उत्पादों की तरह गूगल मैप्स विश्व के सबसे बेहतरीन डिजिटल नक्शों में शीर्ष पर है। मैंने तो अन्य किसी खास डिजिटल मैप के बारे में सुना भी नहीं है (सिवाए एप्पल मैप्स के, जो बेकार है)। लेकिन आप जानकर हैरान होंगे कि गूगल मैप्स को भ्रमित करना संभव है।

पहले संक्षेप में जान लें कि गूगल मैप्स काम कैसे करता है। जब हमारे एंड्राइड फोन हमारे चलते वाहन में होते हैं, तब उनकी लोकेशन सेवा चालू करने पर फोन गूगल को लगातार जानकारी भेजता है। इस जानकारी से गूगल को पता चलता है कि हमारा वाहन कितनी गति से चल रहा है।

सड़क पर जितने ज्यादा वाहन होते हैं, और उनमें जितने ज्यादा फोन गूगल को जानकारी भेज रहे होते हैं, उस के आधार पर गूगल मैप गणना करता है कि सड़क पर लगभग कितनी ट्रैफिक है। गूगल मैप्स पर लाल रंग से भारी ट्रैफिक का पता चलता है और हरे रंग से मालुम पड़ता है की रास्ता खाली है।

गूगल द्वारा गणना के इस तरीके के कारण एक जर्मन कलाकार साइमन वेकर्ट ने गूगल मैप्स को जबरदस्त तरीके से भ्रमित किया। बर्लिन में साइमन ने एक प्लास्टिक के डिब्बे में 100 फोन एक साथ रखे। इन सब फोनों में गूगल मैप और लोकेशन सेवा चालू थी। इस डिब्बे के नीचे पहिये थे और साइमन ने इसे एक खाली सड़क पर पैदल चलने की गति में चलाया |

सड़क बिल्कुल खाली थी, लेकिन गूगल मैप के अनुसार इतनी धीमी गति में एक साथ चलते “वाहनों” के कारण गूगल ने पूरी सड़क को लाल रंग में दिखाया, यानी भारी ट्रैफिक:

इस तरह साइमन ने आसानी से गूगल को भ्रमित किया (भले ही 100 चलते फोन इकट्ठे करना आसान नहीं रहा होगा)। गूगल सबका बाप है, लेकिन “हर बाप का एक बाप होता है” — डिटेक्टिव रॉय!